Public Provident Fund, यानी PPF, लंबे समय के लिए सुरक्षित, टैक्स‑फ्री और सरकार के तरफ से चलाई जा रही निवेश का बेहतरीन साधन माना जाता है। लेकिन अक्सर एक कन्फ़्यूज़न रहता है “PPF बैंक में खोलें या पोस्ट ऑफिस में?” Bank vs Post Office PPF. दोनों ही जगह पैसा सरकार की गारंटी में है, फिर बेहतर आप्शन कौन‑सा है? इस बारे में हम डिटेल में जानेंगे, ताकि आप अपने लिए सही फ़ैसला ले सकें।
ब्याज दर और सुरक्षा – Interest Rate & Safety
सबसे पहले बात करते हैं व्याज दर की, तो अभी के समय में PPF पर सरकारी तौर पर 7.1 % सालाना ब्याज मिल रहा है। यह दर तिमाही आधार पर केंद्र सरकार तय करती है, इसलिए बैंक हो या पोस्ट ऑफिस, व्याज दर हमेशा एक‑सा रहेगा। सुरक्षा की बात करें तो PPF में जमा पैसा Sovereign Guarantee के तहत आती है; यानि सरकार खुद आपके पैसे की ज़िम्मेदारी लेती है। बैंक डूब जाए या पोस्ट ऑफिस बंद हो जाए, सरकार आपका मूल और ब्याज दोनों चुकाएगी। इसलिए दोनों जगह आपका पैसा 100% सुरक्षित है।
खाता खोलने की प्रक्रिया – Account Opening Process
- बैंक: ज़्यादातर बड़े बैंकों में आप ब्रांच जाकर फॉर्म भर सकते हैं। Net‑banking या मोबाइल बैंकिंग वाले ग्राहक घर बैठे डिजिटल KYC के ज़रिए मिनटों में PPF अकाउंट खोल सकते हैं।
- पोस्ट ऑफिस: अभी भी ज्यादातर पोस्ट ऑफिस में आपको फॉर्म प्रिंट करवाकर केवाईसी डॉक्यूमेंट के साथ काउंटर पर जमा करने पड़ते हैं। कई शहरी Head Post Offices ने ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और IPPB ऐप के ज़रिए e‑KYC की सुविधा शुरू की है, मगर छोटे‑कस्बों में यह सर्विस अभी भी सीमित है।
यानी शहरों में रहने वाले टेक‑सैवी लोगों के लिए बैंक खाता खोलना फास्ट और पेपरलेस है, जबकि ग्रामीण या बैंक‑वंचित इलाक़ों में पोस्ट ऑफिस ज़्यादा सुलभ साबित होता है।
जमा – Deposit
PPF में साल भर में कम से कम ₹500 और अधिकतम ₹1.5 लाख जमा किए जा सकते हैं। फर्क सिर्फ़ पेमेंट मोड में आता है:
- बैंक PPF: UPI, NEFT/RTGS, मोबाइल वॉलेट, ऑटो डेबिट, सैलरी लिंक—जो चाहें इस्तेमाल करें। याद रखें, रियल‑टाइम पैसा ट्रान्सफर होता है, इसलिए ब्याज तुरंत कैल्कुलेट होना शुरू हो जाता है।
- पोस्ट ऑफिस PPF: अगर आपके पास IPPB अकाउंट है, तो UPI या नेट बैंकिंग से पोस्ट ऑफिस PPF में रकम भेज सकते हैं; वरना चेक या कैश लेकर काउंटर पर जाना पड़ सकता है।
लोन और निकासी – (Withdrawal) के नियम
- लोन सुविधा: 3 वर्ष के बाद आप अपने PPF बैलेंस का लगभग 25% लोन के रूप में ले सकते हैं; पाँचवें वर्ष से यह प्रोसेस और आसान हो जाता है। ब्याज दर (PPF ब्याज + 1%) बैंक और पोस्ट ऑफिस दोनों में समान रहती है।
- Partial Withdrawal: सातवें वित्तीय वर्ष से आधा पैसा (50%) तक निकालना संभव है।
खाता ट्रान्सफर – Account transfer
मान लीजिए आपने पोस्ट ऑफिस में PPF शुरू किया और बाद में किसी बड़े शहर में शिफ़्ट होकर बैंक में ट्रान्सफर करना चाहते हैं, या इसके उलट पोस्ट ऑफिस में ट्रान्सफर करना चाहते हैं, तो दोनों सिचुएशन में बस एक ट्रान्सफर एप्लिकेशन, पुरानी पासबुक और केवाईसी देना होता है। न ब्याज कटता है, न लॉक‑इन रीसैट होता है, न ही पैनल्टी लगती है। जहां आपको सर्विस बेहतर लगे, वहाँ शिफ़्ट हो सकते हैं।
टैक्स फ़ायदा – EEE कैटेगरी का फायदा
PPF सेक्शन 80C में आता है, इसलिए सालाना ₹1.5 लाख तक की जमा राशि पर टैक्स डिडक्शन मिलता है। इसके अलावा ब्याज और मैच्योरिटी अमाउंट दोनों पर टैक्स नहीं लगता। इसे ही कहते हैं EEE (Exempt‑Exempt‑Exempt) कैटेगरी। बैंक और पोस्ट ऑफिस में नियम बिल्कुल एक‑समान हैं, इसलिए टैक्स बचत के लिहाज़ से कोई तुलना नहीं है—दोनों नंबर वन हैं।
Bank vs Post Office PPF: कौन‑सा ऑप्शन आपको चुनना चाहिए?
- अगर आप रेगुलर ऑनलाइन ट्रांज़ैक्शन करते हैं, हर डॉक्यूमेंट डिजिटल रखते हैं और समय बचाना चाहते हैं—तो बैंक PPF परफेक्ट रहेगा। पूरी प्रोसेस मोबाइल में रहेगी, महीने का ऑटो‑डेबिट सेट कर देंगे तो भूल‑भाल की टेंशन भी ख़त्म।
- अगर आपके इलाके में बैंक ब्रांच कम हैं, या इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर है—तो पोस्ट ऑफिस ज़िंदगी आसान कर देगा। वहाँ के स्टाफ पड़ोसी जैसा व्यवहार करते हैं।
नोट: PPF में ब्याज सालाना नहीं, बल्कि हर महीने के न्यूनतम बैलेंस पर कैल्कुलेट होता है। इसलिए कोशिश करें कि 1‑5 तारीख के बीच ही पैसा जमा करें ताकि पूरे महीने का ब्याज मिले।